Gram Vikas Chaupal: जयपुर जिले के बगरू क्षेत्र स्थित ठिकरिया गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल शनिवार को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि विकास, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण सशक्तीकरण का बड़ा संदेश बनकर उभरी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चौपाल के माध्यम से किसानों, महिलाओं और युवाओं को सरकार की योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ ईंधन बचत और ग्रीन मोबिलिटी को भी नई प्राथमिकता के रूप में प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री निवास से इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) बस में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनके साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत अपील से जोड़कर देखा गया। सार्वजनिक परिवहन आधारित ईवी बस से यात्रा कर मुख्यमंत्री ने स्वच्छ ऊर्जा, साझा परिवहन और पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक संदेश दिया।
ग्राम विकास चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान, मजदूर, महिला और युवाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत का सपना साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार योजनाएं चला रही हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने केवल लिंगानुपात में सुधार नहीं किया बल्कि सामाजिक सोच में भी सकारात्मक बदलाव लाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, जन-धन योजना और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं ने गांवों में महिलाओं का जीवन बदला है। महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में राजीविका योजना के जरिए लाखों महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ रही हैं और बड़ी संख्या में महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राजीविका से जुड़ी महिलाओं से संवाद भी किया। इंद्रा शर्मा ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आज हजारों महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं। उन्होंने कहा कि बगरू प्रिंट, सैनेटरी नैपकिन, अन्नपूर्णा रसोई और बर्तन बैंक जैसे कार्यों से महिलाओं की आय में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वहीं कोमल शर्मा ने रिसाइकिल पेपर उत्पाद निर्माण के जरिए महिलाओं को रोजगार मिलने की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त सहायता राशि जोड़ने से किसानों को बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक और जैविक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्थानीय उपज आधारित प्रोसेसिंग यूनिट किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल संकट को देखते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना और विभिन्न बांधों पर तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाकर किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार पर भी सरकार का फोकस स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के बाद हुए एमओयू अब धरातल पर उतर रहे हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सवा लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं जबकि हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
Also read: रोहतक में भाजपा का शक्ति मंथन, संगठन से लेकर अंत्योदय तक कार्यकर्ताओं को दिया नया संदेश
पेपर लीक मामलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ हुआ, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस पर सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा रहा है।
Also read: बाबोसा की विरासत को नया राजनीतिक संदेश
कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा, विधायक कैलाश वर्मा, जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। चौपाल के दौरान विकास योजनाओं, महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
Also Read: चांचोड़ी की रात्रि चौपाल बनी ग्रामीण विकास का बड़ा मंच











Leave a Reply