PM Modi on New BJP Chief: भाजपा में ‘नवीन नायक’ का उदय, पीएम मोदी बोले—हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, आदर्श नहीं
New BJP National President: भारतीय जनता पार्टी (BJP) को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन को मंगलवार को भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में इसका औपचारिक ऐलान किया गया। इस मौके पर पीएम मोदी ने नितिन नवीन को माला पहनाकर स्वागत किया और दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल की कमान संभालने पर उन्हें बधाई दी।
प्रधानमंत्री के संबोधन में संगठन, नेतृत्व, कार्यकर्ता, भविष्य की राजनीति और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को लेकर कई अहम संदेश दिए गए। पीएम मोदी ने साफ कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि विचार, सिद्धांत और आदर्श स्थायी होते हैं।
नितिन नवीन बने भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष
45 वर्षीय नितिन नवीन भाजपा के इतिहास में अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमित शाह के नाम था, जिन्होंने 49 वर्ष की उम्र में पार्टी की कमान संभाली थी।
सोमवार को भाजपा मुख्यालय में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई थी, लेकिन किसी अन्य उम्मीदवार के नामांकन न आने के कारण नितिन नवीन निर्विरोध चुने गए। गौरतलब है कि उन्हें 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था, जिसके बाद से ही उनके पूर्ण अध्यक्ष बनने के संकेत माने जा रहे थे।
पीएम मोदी का स्पष्ट संदेश: अध्यक्ष बदलते हैं, आदर्श नहीं

प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं देते हुए कहा—
“भाजपा का यह संगठन पर्व हमारे कार्यकर्ता-केंद्रित विचार और संस्कृति का प्रतीक है। हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन हमारे आदर्श, सिद्धांत और मूल्य कभी नहीं बदलते।”
उन्होंने कहा कि भाजपा का नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और जनसेवा-राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है। पीएम मोदी ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक की जिम्मेदारी निभाई है, लेकिन आज भी खुद को पार्टी का साधारण कार्यकर्ता मानते हैं।
“मैं आज भी कार्यकर्ता हूं और आज नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।”
प्रधानमंत्री के इस कथन पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।
संगठन विस्तार के साथ कार्यकर्ता निर्माण पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा आज जितना ध्यान संगठन के विस्तार पर दे रही है, उतना ही फोकस कार्यकर्ता के निर्माण पर भी है। उन्होंने भाजपा के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का स्मरण करते हुए कहा कि—
- अटल बिहारी वाजपेयी
- लालकृष्ण आडवाणी
- मुरली मनोहर जोशी
जैसे नेताओं के नेतृत्व में पार्टी ने “शून्य से शिखर” तक का ऐतिहासिक सफर तय किया। इसके बाद एम. वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा जैसे नेताओं ने संगठन को देश के हर कोने तक मजबूत किया।
एनडीए में भी निभानी होगी अहम भूमिका
प्रधानमंत्री ने कहा कि नितिन नवीन को सिर्फ भाजपा ही नहीं, बल्कि एनडीए के सभी घटक दलों के साथ भी बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा।
“नितिन नवीन ने संगठन में खुद को साबित किया है। उनमें संवाद, समन्वय और निर्णय लेने की क्षमता है।”
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि नितिन नवीन मिलेनियल पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे उस पीढ़ी से आते हैं, जिसने रेडियो के दौर से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग तक का बदलाव देखा है। यह सोच पार्टी के कार्यकर्ताओं को भविष्य के लिए तैयार करेगी।
विकसित भारत के लिए अगले 25 साल निर्णायक
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब 21वीं सदी के एक बेहद महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर चुका है। पहले 25 साल तेजी से बीत चुके हैं और अब आने वाले 25 सालों में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करना है। उन्होंने कहा कि इस नए युग की शुरुआत में नितिन नवीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे और युवा पीढ़ी को नेतृत्व के नए अवसर देंगे।
चुनावी सफलता और बढ़ता जनविश्वास
प्रधानमंत्री ने बीते वर्षों में भाजपा की चुनावी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा—
- हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा में पहली बार भाजपा ने अपने दम पर सरकार बनाई
- पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भाजपा जनता की बड़ी आवाज बनकर उभरी
- महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा नंबर-वन पार्टी बनी
- केरल में तिरुवनंतपुरम मेयर चुनाव में 45 साल बाद लेफ्ट को पीछे छोड़ा
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा आज संसद और विधानसभा के साथ-साथ नगरपालिकाओं और नगर निगमों में भी जनता की पहली पसंद बन चुकी है।
सुशासन और सेवा को बनाया सत्ता का माध्यम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा ने सत्ता को सुख का नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने ‘जल जीवन मिशन’ का उदाहरण देते हुए बताया कि आजादी के 70 वर्षों में जहां सिर्फ तीन करोड़ ग्रामीण परिवारों तक नल का पानी पहुंचा था, वहीं बीते 5–6 वर्षों में 12 करोड़ से अधिक परिवारों को नल से जल की सुविधा मिली है। यह भाजपा के सेवा और सुशासन मॉडल का प्रमाण है।
Also read: Nitin Nabin BJP President: 26 की उम्र में विधायक, 45 में राष्ट्रीय अध्यक्ष – नितिन नबीन के उदय से बीजेपी में पीढ़ीगत बदलाव





2 Comments