चौमूं हिंसा पर विधायक बालमुकुंदाचार्य का कड़ा संदेश! कहा– अराजकता फैलाने वालों के लिए ‘प्रशासन का डंडा’ तैयार
चौमूं में हुई हिंसा को लेकर विधायक बालमुकुंदाचार्य ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि राजस्थान की शांति और विकास को बिगाड़ने वालों को सख्त सजा मिलेगी।
MLA Balmukundacharya : चौमूं हिंसा पर विधायक का सख्त रुख
जयपुर। चौमूं प्रकरण को लेकर बालमुकुंदाचार्य ने कहा कि अराजकता फैलाने वाले पत्थरबाजों के खिलाफ पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पूरी तरह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कुछ उद्दंडी तत्वों ने चौमूं की घटना के जरिए न सिर्फ स्थानीय माहौल बल्कि पूरे राजस्थान में भाईचारे, विकास और समृद्धि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
कानून तोड़ेंगे तो कार्रवाई तय
विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार और पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई ऐसे लोगों के लिए सबक है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा,
“जो लोग कायदे में रहेंगे, वे फायदे में रहेंगे। लेकिन जो नियमों से बाहर जाकर माहौल खराब करेंगे, उनके लिए पुलिस प्रशासन की सख्त कार्रवाई तय है।”
MLA Balmukundacharya :विकास में सहयोग की अपील
बालमुकुंदाचार्य ने प्रदेशवासियों से विकास और समृद्धि में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सभी को लेना चाहिए और समाज में शांति बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
कश्मीर का उदाहरण देकर दी सीख
उन्होंने कहा कि एक समय कश्मीर में पत्थरबाजी आम थी, लेकिन नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में युवाओं के हाथों में पत्थर नहीं, कलम और रोजगार आए। आज कश्मीर शिक्षा, व्यापार और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
राजस्थान में ऐतिहासिक विकास का दावा
विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में और भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में राजस्थान में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई इस विकास यात्रा में बाधा डालने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो प्रशासन का डंडा पूरी तरह तैयार है।




