शिक्षा

विधानसभा बनेगी लोकतंत्र की पाठशाला! ‘राजस्थान युवा सभा’ में विद्यार्थी सीखेंगे नेतृत्व और निर्णय कला

Rajasthan Education: लोकतंत्र की पाठशाला बनेगी विधानसभा | ‘राजस्थान युवा सभा’ में विद्यार्थी सीखेंगे नेतृत्व, संवाद और निर्णय कला

Rajasthan Education: जयपुर। विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद कौशल और 21वीं सदी के आवश्यक जीवन कौशल विकसित करने की दिशा में राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद एक अभिनव पहल करने जा रहा है। इसके तहत 15 दिसंबर को राजस्थान विधानसभा में राज्य स्तरीय ‘राजस्थान युवा सभा’ का आयोजन किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में राज्यभर से चयनित 158 विद्यार्थी विधानसभा में जनप्रतिनिधियों की भांति बैठकर मॉक सत्र में भाग लेंगे और संसदीय कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करेंगे।

विधानसभा में होगा मॉक सत्र, विद्यार्थी निभाएंगे जनप्रतिनिधि की भूमिका

राजस्थान युवा सभा के अंतर्गत आयोजित मॉक सत्र में विद्यार्थी विषय—
“हमारा भविष्य, हमारा निर्णय – किशोर-किशोरियों के सशक्त भविष्य के लिए सुदृढ़ मानसिक स्वास्थ्य और उचित करियर मार्गदर्शन की आवश्यकता”
पर विचार-विमर्श करेंगे।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में—

  • तार्किक चिंतन
  • आत्मविश्वास
  • व्यक्तित्व विकास
  • जिम्मेदार नागरिकता की भावना

को मजबूत करना है, ताकि वे लोकतंत्र की समझ के साथ भविष्य निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

‘प्रबल कार्यक्रम’ के तहत हो रहा आयोजन

यह आयोजन प्रबल कार्यक्रम (PRABAL – Program to Recognize Abilities and Build up Adaptive Life Skills of 21st Century) के अंतर्गत किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कक्षा 9 से 12 तक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए संचालित है।

प्रबल कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को—

  • जीवन कौशल
  • वित्तीय साक्षरता
  • जलवायु परिवर्तन
  • नागरिकता और नैतिक मूल्य
  • टीमवर्क और सामाजिक उत्तरदायित्व

जैसे विषयों से जोड़ा जा रहा है।

प्रतिभागी विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मॉक विधानसभा सत्र के दौरान प्रश्नकाल और चर्चा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को
माननीय विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।
वहीं, सभी सहभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।

41 जिलों से 158 विद्यार्थियों की सहभागिता

राजस्थान युवा सभा में—

  • राज्य के 41 जिलों से चयनित 158 विद्यार्थी
  • 41 जिला मेंटर शिक्षक
  • राज्य स्तरीय संदर्भ व्यक्ति एवं विभागीय अधिकारी

भाग लेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत जुलाई 2025 में विद्यालय स्तर से हुई थी, जिसके बाद ब्लॉक और जिला स्तर की चयन प्रक्रिया पूर्ण कर विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय मंच तक पहुंचाया गया।

आरजे शिवांगी ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यक्रम की तैयारियों के तहत आयोजित मॉक सत्र की रिहर्सल के दौरान आरजे शिवांगी ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button